जौनपुर। जिला कारागार में निरुद्ध एक बंदी को सांप के डसने का मामला सामने आया है। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में बंदी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, ताज मोहम्मद (25 वर्ष) पुत्र सुहेल, निवासी बड़ा गांव, थाना शाहगंज, चोरी के एक मामले में गिरफ्तार होने के बाद जिला कारागार में निरुद्ध था। बताया जा रहा है कि बैरक में उसे सांप ने डस लिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
जेल प्रशासन ने तत्काल बंदी को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल वहां उसका उपचार जारी है।
इस संबंध में जेल अधीक्षक ने बताया कि वह कार्यालय से बाहर हैं। मामले का पूरा विवरण कार्यालय में उपलब्ध है और जानकारी प्राप्त होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी। घटना के बाद जेल परिसर में सुरक्षा एवं बैरकों की निगरानी बढ़ा दी गई है।













