*केराकत पुलिस की कार्रवाई, वाराणसी से बुकिंग कर चालक को पीटकर लूट ले गए थे ऑटो*
जौनपुर। केराकत थाना पुलिस ने ऑटो चालक से लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए लूटी गई ऑटो रिक्शा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मिर्जापुर निवासी ऑटो चालक काशीनाथ वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर सवारी का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान दो युवकों ने त्रिलोचन महादेव तक जाने के लिए 850 रुपये में ऑटो बुक की। वहां पहुंचने के बाद दोनों ने अपने एक साथी को आगे छोड़ने का बहाना बनाकर सोहनी गांव के पास नहर मार्ग पर ऑटो रुकवाया और चालक के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना में चालक के दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद आरोपी ऑटो लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित के पुत्र आकाश कुमार की तहरीर पर केराकत थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर शुक्रवार तड़के करीब 2:50 बजे खड़हर डगरा फाटक के पास से शिवम यादव निवासी भदेवरा थाना गौराबादशाहपुर तथा लकी सिंह निवासी परमानंदपुर थाना केराकत को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई ऑटो रिक्शा (संख्या UP65 KT 6404) भी बरामद कर ली।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कृष्णानंद यादव, उपनिरीक्षक शिवानंद वर्मा सहित थाना केराकत के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।










