जौनपुर। मड़ियाहूं क्षेत्र के जोगापुर नहर पुल के पास मंगलवार सुबह तीन विशालकाय मगरमच्छ दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। नहर पुलिया के समीप झाड़-झंखाड़ में आराम कर रहे मगरमच्छों को देखकर राहगीरों और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे कुछ युवकों की नजर नहर किनारे बैठे मगरमच्छों पर पड़ी। उत्सुकतावश युवकों ने उनकी ओर पत्थर फेंक दिया, जिसके बाद तीनों मगरमच्छ तुरंत पानी में उतर गए और देखते ही देखते ओझल हो गए।
घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक साथ तीन मगरमच्छ दिखाई देने से आसपास के गांवों में भय का माहौल है। लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर मगरमच्छों को सुरक्षित रेस्क्यू करने तथा क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल वन विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रशासन ने लोगों से नहर के किनारे अनावश्यक रूप से न जाने, बच्चों को वहां खेलने से रोकने तथा मगरमच्छ दिखाई देने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है।













