जौनपुर। शहीद उमानाथ सिंह स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय में ड्यूटी के दौरान एक गार्ड के शराब के नशे में होने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने तत्काल जांच कराई, जिसमें गार्ड के नशे में होने की पुष्टि होने के बाद उसके विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात गार्ड द्वारा मरीजों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया।
इस दौरान मौके पर मौजूद पत्रकार विद्याधर विद्यार्थी ने गार्ड की हरकतों का विरोध किया तो गार्ड उनसे भी उलझ गया और कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद पत्रकार ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.बी. कमल को लिखित शिकायत सौंपी।
प्राचार्य ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए गार्ड को बुलाकर जांच कराई। जांच में गार्ड के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद प्राचार्य ने बताया कि संबंधित गार्ड मनोज कुमार सिंह, पुत्र त्रिभुवन नाथ सिंह, निवासी खानापट्टी, थाना सिकरारा, जौनपुर, भारत रक्षा मंत्रालय से संबद्ध पूर्व सैनिक कल्याण निगम के माध्यम से मेडिकल कॉलेज में तैनात है।
प्राचार्य डॉ. आर.बी. कमल ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित गार्ड को हटाने के लिए पूर्व सैनिक कल्याण निगम को पत्र भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे संवेदनशील संस्थान में ड्यूटी के दौरान किसी कर्मचारी के नशे में पाए जाने की घटना सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है।












