जौनपुर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने थाना सरायख्वाजा क्षेत्र स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यक्रम के सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि कार्यक्रम का सफल एवं सकुशल आयोजन सुनिश्चित हो सके।













