बीस वर्षीय प्रिंस कुमार ने संदिग्ध परिस्थितियों में दी जान, पुलिस जांच में जुटी
जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव मकान की दूसरी मंजिल पर साड़ी के फंदे से लटकता मिला। मृतक की पहचान 20 वर्षीय प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि प्रिंस कुमार दो माह पहले ही गुजरात से घर लौटा था। सोमवार को उसका शव घर की दूसरी मंजिल पर संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला।
घटना की जानकारी होते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार मृतक के माता-पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में अमृतसर में रहते हैं। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।













