Advertisement

नीलगाय को बचाने में डिवाइडर फांदकर दूसरी कार से टकराई कार, चार घायल

दानिश इकबाल पत्रकार

जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर हौज पोखरा गांव के पास सोमवार को नीलगाय को बचाने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए सामने से आ रही दूसरी कार से टकरा गई। टक्कर के बाद कार पलट गई। हादसे में एक बुजुर्ग समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को ट्रामा सेंटर हौज पहुंचाया गया, जहां बुजुर्ग की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सरपतहां थाना क्षेत्र के करीमपुर बिंद गांव निवासी प्रमोद उपाध्याय (74) लकवे से पीड़ित हैं। सोमवार को वह अपने पुत्र अनंजय उपाध्याय (32) और चालक के साथ इर्टिगा कार से बीएचयू वाराणसी दवा लेने गए थे। दवा लेकर वापस घर लौटते समय उनकी कार हौज पोखरा गांव के पास पहुंची थी। इसी दौरान अचानक नीलगाय सामने आ गई। उसे बचाने के प्रयास में पीछे से आ रही दूसरी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर उनकी इर्टिगा कार से टकरा गई।

दूसरी कार में कन्नौज निवासी हिमांशु द्विवेदी (35) पुत्र देवेंद्र द्विवेदी अपने भतीजे स्वतंत्र द्विवेदी (24) पुत्र ब्रह्मानंद द्विवेदी और चालक के साथ सवार थे। वे वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन करने जा रहे थे।

हादसे में प्रमोद उपाध्याय, उनके पुत्र अनंजय उपाध्याय तथा दूसरी कार सवार हिमांशु द्विवेदी और स्वतंत्र द्विवेदी घायल हो गए। प्रमोद उपाध्याय को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को राजमार्ग से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।

 

Amanki Shaan News