जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के मनेछा स्थित बादशाही मंदिर के पास सोमवार को रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान हिमांशु सिंह (पुत्र स्व. अजय सिंह) निवासी खुखुंदू, जनपद देवरिया के रूप में हुई है। बताया जाता है कि हिमांशु बाइक से जौनपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शाहगंज की तरफ जा रही रोडवेज बस से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हिमांशु वाहन मेंटेनेंस और मरम्मत का काम करते थे। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और अभी अविवाहित थे। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शव को मेडिकल कॉलेज जौनपुर भेज दिया गया।










