दानिश इकबाल पत्रकार
जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के मनेछा स्थित बादशाही मंदिर के पास सोमवार को रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान हिमांशु सिंह (पुत्र स्व. अजय सिंह) निवासी खुखुंदू, जिला देवरिया के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार, हिमांशु बाइक से जौनपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शाहगंज की तरफ जा रही रोडवेज बस से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हिमांशु वाहन मेंटेनेंस और मरम्मत का काम करते थे। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और अविवाहित थे। उनके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। शव को मेडिकल कॉलेज जौनपुर भेजा गया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।










