जौनपुर। सिकरारा थाना पुलिस की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने विद्यालय के आसपास छात्राओं और महिलाओं से अश्लील टिप्पणी व अभद्र व्यवहार करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर शांति भंग की आशंका में न्यायालय भेज दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में सोमवार को कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार विद्यालय के पास आने-जाने वाली छात्राओं और महिलाओं से अश्लील बातें करने तथा अभद्र टिप्पणी करने की शिकायत पर अमन प्रजापति निवासी इटहा थाना सुजानगंज तथा भोला प्रजापति निवासी खपरहा थाना सिकरारा को हिरासत में लिया गया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत शांति भंग की आशंका में कार्रवाई करते हुए संबंधित न्यायालय भेज दिया गया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक ओमप्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल जगनरायण वर्मा तथा महिला कांस्टेबल लता सिंह, नीलम अहिरवार और प्रिया सिंह शामिल रहीं।













