जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के गारोपुर गांव में बुधवार शाम की शाम समरसेबल के लिए खोदकर छोड़े गयें गड्ढे में डूबने से दो मासूम सगे भाइयों की मौत से गांव भर में शोक की लहर दौड़ गई। बच्चों की मौत पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अच्छेलाल उर्फ पप्पू गौतम ने समरसेबल पंप लगाने के लिए मंगलवार को बोरिंग कराई थी। बोरिंग के दौरान खोदा गया गड्ढा खुला छोड़ दिया गया, जिसमें लगातार हो रही बारिश और भूजल के कारण पानी भर गया था।
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम करीब चार बजे 6 वर्षीय शिवा बिंद और 5 वर्षीय आरव बिंद, दोनों पुत्र वीरेंद्र बिंद, खेलते-खेलते उसी रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान दोनों मासूम पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों बच्चों को गड्ढे से बाहर निकाला गया।
ग्रामीण तत्काल दोनों बच्चों को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के दो मासूम बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में हर आंख नम है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि बोरिंग के बाद गड्ढे को सुरक्षित तरीके से भर दिया जाता या उसके चारों ओर सुरक्षा के इंतजाम किए गए होते, तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों ने खुले गड्ढों को तत्काल सुरक्षित कराने की मांग की है। सूचना मिलते ही बरसठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई।













