Advertisement

अंतर्राज्यीय असलहा तस्करी गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार

 

 

जौनपुर। अंतर्राज्यीय अवैध असलहा तस्करी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुजानगंज पुलिस ने एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के छपरा (सारण) जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित पश्चिमी रौजा निवासी रंजीत कुमार शर्मा (32) पुत्र जयमंगल शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी बदलापुर अजय कुमार राय के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार रंजीत कुमार शर्मा अंतर्राज्यीय अवैध असलहा तस्करी गिरोह का सदस्य है और कथित तौर पर गिरोह के सरगना शुभम सिंह के लिए काम करता था। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के अनुसार, वह अपने सहयोगियों के माध्यम से उत्तर प्रदेश और बिहार में अवैध असलहों एवं कारतूसों की सप्लाई करता था। इस अवैध गतिविधि से अर्जित धन से आर्थिक और भौतिक लाभ उठाने का भी आरोप है।

पुलिस ने आरोपी को मुकदमा अपराध संख्या 364/2026 के तहत बीएनएस की धारा 111(2), 111(3), 111(4), 111(6), 345(3) तथा आयुध अधिनियम की धारा 3/5/7/25(8)/35 में वांछित बताया है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेजा जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय और उपनिरीक्षक रामभवन यादव शामिल रहे।

Amanki Shaan News