जौनपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस लाइन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पुलिस लाइन से निकली रैली जनपद के प्रमुख चौराहों, स्कूलों और कॉलेजों तक पहुंचेगी। इसके माध्यम से लोगों और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
रैली में हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और सड़क पर स्टंटबाजी से बचने का संदेश दिया जाएगा।
एसएसपी ने बताया कि यातायात माह के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने, तेज रफ्तार से वाहन चलाने, स्टंटबाजी करने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान करने के साथ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा प्रमुख कस्बों, बाजारों और संकरे मार्गों पर लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। यातायात व्यवस्था को सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के साथ आमजन को जाम से राहत दिलाने पर जोर रहेगा।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रतिसार निरीक्षक, प्रभारी यातायात सहित पुलिस एवं यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स और आमजन मौजूद रहे। जौनपुर पुलिस ने लोगों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार के सदस्यों व बच्चों को भी जागरूक करने की अपील की।












