जौनपुर। खुटहन चौराहे से करीब दो सौ मीटर आगे पट्टीनरेंद्रपुर मार्ग पर शुक्रवार की रात करीब 11 बजे बस और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए सीएससी पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार बस चालक सुरेश कुमार सरोज निवासी कोतवाली केराकत, बारातियों से भरी बस लेकर देर रात वापस लौट रहा था। हादसे में उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई है। वहीं बोलेरो चालक पवन पाल पुत्र श्रीनाथ निवासी शेरापट्टी भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रेफर कर दिया गया। पवन पाल के परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिले के एक निजी अस्पताल में ले गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जाता है कि हादसे के बाद मौके पर पहुंचे कुछ अराजकतत्वों ने बस चालक को पीटकर घायल कर दिया है। मौके पर पहुंचे बस चालक के परिजन उसे बेहोशी की हालत में अपने साथ ले गए। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।













