Advertisement

प्राचार्य के पिता के इंतकाल पर उमड़ा जनसैलाब, गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खा

 

इंसानियत की मिसाल शमीम अहमद को सुपुर्द-ए-खाक, जनाजे में उमड़ा जनसैलाब

 

जौनपुर। मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान के पिता शमीम अहमद इब्ने नूरुद्दीन खान के इंतकाल से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। 85 वर्षीय मरहूम को शुक्रवार को जोहर की नमाज के बाद ग्राम उत्तर पट्टी, पोस्ट बघैला, मल्हनी बाजार स्थित पैतृक कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। जनाजे में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

 

मरहूम शमीम अहमद नेकदिल, मिलनसार और मददगार इंसान थे। जरूरतमंदों की सहायता करना और हर किसी के सुख-दुख में साथ खड़े रहना उनके व्यक्तित्व की खास पहचान थी। अपने व्यवहार, सामाजिक सरोकारों और इंसानियत के प्रति समर्पण के चलते उन्होंने लोगों के दिलों में खास जगह बनाई थी।

 

उनके जनाजे में परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों, मित्रों, शुभचिंतकों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के लोग शामिल हुए। जनाजे में उमड़ी भीड़ ने मरहूम के प्रति लोगों के सम्मान और उनके साथ जुड़े आत्मीय रिश्तों को बयां किया। साथ ही आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल भी पेश की।

 

इस दौरान लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान और उनके परिजनों को ढांढस बंधाया। मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज परिवार ने भी मरहूम के इंतकाल पर गहरा दुख जताते हुए दिवंगत आत्मा की मगफिरत के लिए दुआ की।

 

लोगों ने अल्लाह तआला से दुआ की कि वह मरहूम की मगफिरत फरमाए, उनकी कब्र को नूर से मुनव्वर करे, उन्हें जन्नतुल फिरदौस में आला मकाम अता फरमाए और परिजनों को सब्र-ए-जमील प्रदान करे।

Amanki Shaan News