Advertisement

युवाओं के लिए 2 नवंबर को लगेगा वृहद रोजगार मेला

 

 

जौनपुर। उत्तर प्रदेश ‘रोजगार मिशन’ के अंतर्गत जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए एक बड़ी पहल की गई है। युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता, कौशल और अभिरुचि के अनुसार नौकरी देने के उद्देश्य से जिले की सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों में ‘वृहद रोजगार मेलों’ का आयोजन किया जा रहा है।

इसी कड़ी में आगामी 2 नवंबर को जौनपुर शहर में एक विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन अधिकारी जय प्रकाश पासवान ने जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा क्षेत्र के युवाओं के लिए 2 नवंबर 2026 (सोमवार) को प्रातः 10:00 बजे से बीआरपी (BRP) इंटर कॉलेज, जौनपुर के परिसर में ‘वृहद रोजगार मेला’ आयोजित किया जाएगा।

जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा आयोजित इस मेले के माध्यम से युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी पाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। उम्मीद जताई जा रही है कि इस मेगा जॉब फेयर में देश की प्रतिष्ठित कंपनियों और नियोजकों सहित 50 से अधिक कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और योग्य युवाओं का चयन कर उन्हें रोजगार प्रदान करेंगी।

जनपद मुख्यालय स्तरीय इस वृहद रोजगार मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कलेक्ट्रेट से विशेष प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिलाधिकारी ने जिले के अधिकाधिक बेरोजगार युवाओं से इस मेले में शामिल होने और रोजगार के इस सुनहरे मौके का लाभ उठाने की अपील की है।

प्रचार वाहनों को रवाना किए जाने के अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, नगर मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह, उप जिलाधिकारी (सदर) योगिता सिंह, जिला सेवायोजन अधिकारी जय प्रकाश पासवान सहित कई अन्य अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।

Amanki Shaan News