जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के बरामनपुर गांव में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब फूल-माला लेने बाजार जा रहे दो युवकों की बाइक को अज्ञात ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान अखिलेश कुमार उर्फ बबलू (38) पुत्र गोरखनाथ निवासी रामकटोरा, थाना देवगांव, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अखिलेश अपने साले की शादी में शामिल होने के लिए ससुराल बरामनपुर गांव आया हुआ था।
जानकारी के अनुसार अखिलेश अपने रिश्तेदार संदीप कुमार (27) पुत्र अजय कुमार निवासी बरामनपुर के साथ बाइक से चंदवक बाजार फूल-माला लेने जा रहा था। जैसे ही वे कर्रा कॉलेज के समीप पहुंचे, तभी आजमगढ़ की ओर से वाराणसी जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रेलर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अखिलेश के सिर में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना देने के साथ एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अखिलेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल संदीप का उपचार चल रहा है।
मृतक अपने पीछे पत्नी प्रतिमा, दो बेटे प्रांजल व अनिकेत तथा बेटी महिमा को छोड़ गया है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी प्रतिमा का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात ट्रेलर की टक्कर से युवक की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रेलर और चालक की तलाश की जा रही है।














