Advertisement

मुठभेड़ में बदमाश दबोचा गया, तमंचा-कारतूस बरामद, साथी मौके से फरार

जौनपुर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जलालपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी केराकत के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष जलालपुर प्रशान्त कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम डिंगुरपुर नहर रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान भाऊपुर की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा टॉर्च की रोशनी से रुकने का इशारा करने पर बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की।

मुठभेड़ के दौरान मोटरसाइकिल सवार बदमाश भागने लगे, इसी बीच पीछे बैठा एक बदमाश गिर गया, जिसे पुलिस टीम ने मौके पर ही दबोच लिया, जबकि बाइक चला रहा दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में अपना नाम अंकित यादव उर्फ मोनू पुत्र ओमप्रकाश निवासी ग्राम बहाउद्दीनपुर थाना सरायख्वाजा, जनपद जौनपुर बताया। उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक फायर किया हुआ कारतूस तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना जलालपुर में मु0अ0सं0 198/2026 धारा 109(1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रशान्त कुमार सिंह के साथ उपनिरीक्षक मो0 शाहनवाज सिद्दिकी, हेड कांस्टेबल चन्दन सिंह, आरक्षी रामचरन शर्मा, चालक कांस्टेबल श्यामप्रकाश वर्मा तथा महिला आरक्षी सावित्री यादव शामिल रहीं।

Amanki Shaan News