Advertisement

औद्योगिक क्षेत्र सतहरिया का डीएम ने किया निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

जौनपुर। जिलाधिकारी एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, सीडा सैमुअल पॉल एन. ने औद्योगिक क्षेत्र सतहरिया का भौतिक निरीक्षण कर विकास कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क निर्माण, साफ-सफाई, पार्कों के विकास एवं औद्योगिक सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण स्थलों पर जगह-जगह पड़े मलबे को शीघ्र हटाने और साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क एवं पार्क निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से और निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने इंडस्ट्रियल एरिया के पार्कों में पौधारोपण कराने, बैठने की बेहतर व्यवस्था विकसित करने तथा पेयजल सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही उद्यमियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, औद्योगिक क्षेत्र में एंट्री गेट निर्माण और प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया। उन्होंने इंडस्ट्रियल एरिया की सड़कों पर स्पीड ब्रेकर बनाने तथा सड़क किनारे इंटरलॉकिंग कार्य को गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीडा के दक्षिणी सेक्टर में रिमझिम पावर प्लांट से निकल रहे धुएं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित इकाई को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगे जाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने दक्षिणी सेक्टर में निर्माणाधीन पम्प हाउस का निरीक्षण किया तथा उत्तरी सेक्टर में बन रही बाउंड्रीवाल को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएच-31 के किनारे पुलिस चौकी के पास खड़े वाहनों को हटाने के लिए संबंधित पक्ष को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर प्रबंधक सीडा सीमा सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी आशुतोष सहाय पाठक, सहायक अभियंता, सीएनडीएस तथा आकाश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Amanki Shaan News