जौनपुर। जिले में सोमवार की शाम मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ साथ भारी बारिश और आंधी तुफान का अलर्ट जारी किया है। सचेत ऐप के माध्यम से विभाग ने जानकारी दी है कि अगले तीन घंटों में जनपद के कुछ क्षेत्रों में 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज़ हवाओं के साथ आंधी-तूफ़ान, आकाशीय बिजली एवं मध्यम से भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है।
अलर्ट जारी करते हुए बताया गया है कि अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। पेड़ों, बिजली के खंभों, खुले मैदानों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। मौसम की नवीनतम जानकारी पर नज़र रखें तथा स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। बता दें कि रविवार का दिन बेहद गर्म रहा और लोग उमस भरी गर्मी से परेशान थें। सोमवार की सुबह मौसम ने फिर से करवट बदला और काले बादल के साथ ठंडी हवाओं से लोगों को राहत मिली है।













