Advertisement

एंटी रोमियो टीम की कार्रवाई: छात्राओं पर फब्तियां कसने वाला मनचला गिरफ्तार

पत्रकार दानिश इकबाल

जौनपुर। शाहगंज थाना की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम ने छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी और फब्तियां कसने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी एवं महिला सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) तथा क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत एंटी रोमियो टीम चौकी इमरानगंज क्षेत्र में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चला रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मोलनापुर मोड़ पर एक युवक राह चलती छात्राओं और युवतियों पर अभद्र टिप्पणी कर फब्तियां कस रहा है। सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान किसन राजभर पुत्र अच्छेलाल राजभर, निवासी ग्राम रफीपुर, थाना शाहगंज, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध थाना शाहगंज में मुकदमा संख्या 262/2026, धारा 296 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक चंद्रभान यादव अपनी पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।

Amanki Shaan News