जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार मोहल्ले घरेलू विवाद को लेकर कलयुगी बेटे ने अपने पिता पर नुकीली चीज़ से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूरी घटना कुछ इस प्रकार की है। पुरानी बाजार निवासी 60 वर्षीय घूरेलाल गुप्ता का अपने बेटे सुभाष से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि उनके बेटे सुभाष ने आपा खो दिया और घर में रखी एक नुकीली चीज़ से अपने पिता ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
बेटे के नुकीली चीज़ से हमले में घूरेलाल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन वहां पहुंचे और गंभीर रूप से घायल घूरेलाल को आनन फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर आरोपी बेटे सुभाष के खिलाफ कार्यवाही में जुट गई है।













