जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के व्यस्त जेसीज चौराहे पर दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला को ठगों ने अपने जाल में फंसा लिया। खुद को मददगार बताकर बातचीत में उलझाने के बाद आरोपियों ने महिला के गले से मंगलसूत्र और कान की बालियां उतरवा लीं। इसके बदले आरोपियों ने उसे कागज की गड्डी लिफाफे में रखकर थमा दी।
कुछ देर बाद जब महिला ने लिफाफा खोलकर देखा तो उसमें रुपये की जगह कागज के टुकड़ों की गड्डी मिली। ठगी का पता चलते ही महिला के होश उड़ गए। महिला ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए बताया कि उसके जेवरों की कीमत करीब दो लाख रुपये है।
दिनदहाड़े और शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल जेसीज चौराहे पर हुई इस घटना से आसपास के लोगों में भी खलबली मच गई। सूचना मिलने पर लाइन बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास के दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है।
व्यस्त चौराहे पर पुलिस की मौजूदगी वाले क्षेत्र में ठगी की घटना सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।













