जौनपुर। समाजवादी पार्टी जौनपुर के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में मार्च एवं प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यों को लेकर उठाई जा रही निर्वाचन एवं लोकतांत्रिक संबंधी चिंताओं के समाधान की मांग की गई।
सपा नेताओं ने कहा कि संविधान ने निर्वाचन आयोग को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव तथा मतदाता सूची की देखरेख की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। ऐसे में निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और सभी राजनीतिक दलों के प्रति समान व्यवहार आवश्यक है।
ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को रद्द करने, एक भी पात्र मतदाता को मतदाता बनने से वंचित न किए जाने तथा चुनाव प्रक्रिया में सभी राजनीतिक दलों को समान अवसर और निष्पक्ष वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की गई।
इसके अलावा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने तथा जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, उन्हें पुनः सूची में शामिल करने की मांग रखी गई। सपा ने भविष्य में सभी चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की।
ज्ञापन के माध्यम से सपा नेताओं ने राष्ट्रपति से मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया।
प्रदर्शन के दौरान सपा सपा विधायक रागिनी सोनकर, विधायक पंकज पटेल, विधायक लकी यादव, पूर्व विधायक शैलेंद्र यादव, डॉ सरफराज अहमद, लाल बहादुर यादव पूर्व जिलाध्यक्ष, उपाध्यक्ष शकील अहमद, पूनम मौर्या, सभासद अलमास सिद्दीकी, इरशाद मंसूरी, आरिफ हबीब, जगदीश प्रसाद मौर्या सभासद, जिला महासचिव के जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।













