जौनपुर। हरपालगंज रेलवे स्टेशन के स्मीप ट्रैक पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले युवक की जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। युवक अपने एक रिश्तेदार मरीज़ को लखनऊ पीजीआई से देखकर ट्रेन से वापस लौट रहा था।
लाइन बाजार थाना क्षेत्र के भगौतीपुर गांव निवासी संजय गौतम का 18 वर्षीय पुत्र अंश सागर गौतम पीजीआई में भर्ती अपने एक रिश्तेदार को देखने के लिए सोमवार को गया हुआ था। मंगलवार तड़के इंदौर से चलकर पटना जाने वाली सुपर फास्ट ट्रेन से घर वापस लौट रहा था। जब यह ट्रेन हरपालगंज रेलवे स्टेशन के पास गुजर रही थी उसी समय यह कैसे गिर गया यह ज्ञात नहीं हो सका है।
जबकि उसके साथ उसका एक और साथी उसी ट्रेन में मौजूद रहा वह भी इस बात को बताने में असमर्थ है कि कैसे यह ट्रेन के नीचे गिर गया। घायल अवस्था में ट्रैक पर पड़े रहे युवक को जिला अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह खबर मृतक के घर पहुंची तो पूरे घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।













