जौनपुर। जिले की कोतवाली, मछलीशहर और मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अन्तर्राज्यीय चोर गिरोह के 14 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिल, पीली धातु की एक चेन, 8,180 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली पुलिस ने पांच नवंबर को आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें नसीब पुत्र झपसी, दिलीप कुमार पुत्र रवि खरवार, सूरज खरवार पुत्र सुभाष, डीएम खरवार पुत्र सिरासन खरवार, सत्यम खरवार पुत्र टून्ना खरवार, सुन्दरी पुत्री टून्ना खरवार, खुशी देवी पत्नी करन खरवार और नेहा पत्नी मुन्ना खरवार शामिल हैं। इनके कब्जे से दो मोटरसाइकिल, पीली धातु की एक चेन, 3,480 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए।
वहीं, थाना मछलीशहर पुलिस ने छह नवंबर को चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें विक्रमा उर्फ सोस पुत्र लखन खरवार, सरिता देवी पत्नी विक्रमा उर्फ सोस, अविनाश उर्फ विनाश पुत्र रामसूरत और पिंकी पत्नी अविनाश उर्फ विनाश शामिल हैं। इनके पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल और 4,700 रुपये नकद बरामद हुए।
इसी क्रम में मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने छह नवंबर को दो आरोपितों सनी खरवार पुत्र रामसूरत खरवार और टूना खरवार पुत्र स्व. गोरख खरवार को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से सुजानगंज क्षेत्र से चोरी की गई एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे बिहार के रहने वाले हैं और अलग-अलग जनपदों में घूमकर काम-धंधा करते हैं। मेला और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मौका पाकर मोटरसाइकिल चोरी करते थे।
गिरोह में शामिल महिलाएं बाजारों और कस्बों में महिलाओं के गले से मंगलसूत्र और चेन काटकर चोरी करती थीं। चोरी के सामान को बेचकर मिलने वाली रकम से सभी अपना खर्च चलाते थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह की दो महिलाएं बिजन्ती पत्नी टूना खरवार और कासगी पत्नी सनी खरवार निवासी गंगोलिया, थाना कुदरा, जनपद कैमूर (बिहार) अभी वांछित हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। तीनों थानों की पुलिस टीमों की इस कार्रवाई में कुल चार चोरी की मोटरसाइकिल, एक पीली धातु की चेन, 8,180 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।












