Advertisement

तीन पुलिसकर्मी निलंबित, कर्तव्य में लापरवाही पर एसएसपी की बड़ी कार्रवाई

जौनपुर ! जनपद में पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपने कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही एवं स्वेच्छाचारिता बरतने के आरोप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर द्वारा तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में थाना बक्सा में तैनात मुख्य आरक्षी राम प्रवेश यादव, पुलिस लाइन जौनपुर के आरक्षी शमशाद अली तथा पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी राहुल कुमार शामिल हैं। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच भी कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में स्पष्ट संदेश गया है कि कर्तव्य के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या स्वेच्छाचारिता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Amanki Shaan News