जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के खुज्झी स्थित एनएच-233 फोरलेन प्लांट के समीप रविवार शाम विद्युत तार की चपेट में आने से ट्रेलर में आग लग गई। चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।
हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क निर्माण सामग्री उतारने के बाद ट्रेलर वापस मुड़ रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहे विद्युत तार के संपर्क में आने से वाहन में करंट उतर गया और आग लग गई।
झटका महसूस होते ही मिर्जापुर के बहेड़ी निवासी चालक चंद्रशेखर ने ट्रेलर से छलांग लगा दी। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग और प्लांट कर्मचारी जुट गए।
तत्काल पानी का टैंकर बुलाया गया। इसी बीच आग की तपिश से ट्रेलर का टायर तेज धमाके के साथ फट गया। इससे वाहन नीचे की ओर लटक गया और विद्युत तार से संपर्क टूट गया। इसके बाद टैंकर की मदद से आग बुझाई गई। गायत्री प्रोजेक्ट के प्लांट मैनेजर श्रीनिवासन ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। ट्रेलर जल गया है, जिसे ठीक कराया जाएगा।











