जौनपुर। जिले में खुटहन थाना क्षेत्र के गौरा गांव में सोमवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर युवक की फंदे से लटकती हुई लाश मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक युवक की पहचान इसी गांव निवासी 20 वर्षीय कृष्ण कुमार विश्वकर्मा पुत्र राम आसरे विश्वकर्मा के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार युवक दो भाईयों में सबसे छोटा था। सोमवार की देर शाम जब परिजन उसके कमरे में पहुंचे तो युवक की लाश फंदे से लटकती हुई देखकर उनके होश ही उड़ गयें। इस घटना के बाद से गांव में तरह तरह की चर्चा हो रही है। चर्चा है कि युवक ने ये कदम प्रेम प्रसंग के चलते उठाया है।
वहीं दूसरी ओर हत्या की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि युवक की मौत का सही कारण नहीं पता चल सका है। युवक की मौत की खबर मिलते ही पहुंची पुलिस ने लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा। फिल्हाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।













