Advertisement

शिकायत पर महापुर पहुंचीं बीडीओ अस्मिता सेन, नाली व तालाब सफाई के दिए निर्देश

जौनपुर। डोभी स्थानीय क्षेत्र के ग्राम पंचायत महापुर में सार्वजनिक नाली एवं तालाब की सफाई को लेकर मिली शिकायत पर शनिवार को खंड विकास अधिकारी अस्मिता सेन ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

जानकारी के अनुसार सुभासपा के जिलाध्यक्ष चंदन राजभर ने बीडीओ डोभी को शिकायती पत्र सौंपकर बताया था कि ग्राम पंचायत महापुर के छोनापुर पुरवे में आबादी के बीच स्थित सरकारी तालाब में ग्रामीणों द्वारा कूड़ा-कचरा फेंका जा रहा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है। वहीं गांव की नालियां भी जाम पड़ी हैं।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ अस्मिता सेन ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम प्रधान पारसनाथ मौर्य एवं पंचायत सचिव अजीत कुमार को नालियों की सफाई कराने तथा तालाब का गंदा पानी निकलवाकर मशीन से साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही आरआरसी सेंटर को सक्रिय बनाए रखने के लिए भी कहा।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने पंचायत सहायक ऑपरेटर द्वारा किए गए 31 स्वगणना कार्यों पर संतोष व्यक्त किया तथा समूह सखी एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को नए समूह गठन के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा ग्राम पंचायत में चल रहे विकास कार्यों का भी जायजा लेते हुए उन्हें शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

इस मौके पर एडीओ पंचायत प्रवीण सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Amanki Shaan News