जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र में एक मई को हुए चर्चित दूल्हा हत्याकांड में 18 दिन बाद भी मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से नाराज पीड़ित परिवार और निषाद राज समाज के लोगों का आक्रोश सोमवार को सड़कों पर दिखाई दिया। बड़ी संख्या में लोगों ने जोगियापुर से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर का पुतला फूंकते हुए जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने “हत्यारों को गिरफ्तार करो”, “पीड़ित परिवार को न्याय दो” और “अपराधियों को संरक्षण देना बंद करो” जैसे नारे लगाए। उनका आरोप था कि पुलिस अब तक मामले के मुख्य साजिशकर्ताओं तक नहीं पहुंच सकी है और कार्रवाई केवल कमजोर लोगों तक सीमित होकर रह गई है।
मृतक की बहन सौम्या ने आरोप लगाया कि सरायख्वाजा और खेतासराय पुलिस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि हत्या के असली मास्टरमाइंड अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि गरीब और कमजोर लोगों को पकड़कर मामले की औपचारिकता पूरी की जा रही है।
सौम्या ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल से जुड़े कुछ प्रभावशाली लोग आरोपितों को बचाने में लगे हैं, जिससे पुलिस पर दबाव बन रहा है।
उन्होंने कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर और उनके समाज के कुछ नेताओं पर भी आरोपितों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। साथ ही मंत्री के हालिया बयान को पीड़ित परिवार की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सभी मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर लोगों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा। मामले को लेकर जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।















